Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

Automatic Slideshow


केशकाल में सेवा मेरा योगदान शिविर का आयोजन श्रमदान के साथ किया गया पौधरोपण, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग और केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम हुए शामिल

कोण्डागांव,  असल बात News 28 सितम्बर 2026  सेवा संकल्प अभियान के तहत केशकाल के टाटामारी में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्...

Also Read





कोण्डागांव, 

असल बात News

28 सितम्बर 2026


 सेवा संकल्प अभियान के तहत केशकाल के टाटामारी में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग एवं अध्यक्षता केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने की। कार्यक्रम की शुरुआत टाटामारी मार्ग पर पौधरोपण के साथ हुई। इसके पश्चात सुरडोंगर तालाब के घाट की साफ-सफाई में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने श्रमदान कर सहभागिता निभाई।


कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और जनभागीदारी के माध्यम से सेवा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।


उन्होंने स्वच्छता को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत एवं फिट इंडिया अभियान की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।


केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेवासियों की व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान देश में टीकाकरण अभियान के माध्यम से लोगों को संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण सहायता मिली। उन्होंने अनुच्छेद 370 से संबंधित संवैधानिक बदलाव सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में स्वेच्छा से सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में माओवाद का प्रभाव समाप्ति की ओर है और महिलाएं भी आगे बढ़कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें तथा आत्मनिर्भर बनें।


पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों में भारत विकास की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।


कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के आयोजन एवं उनकी तैयारियों के संबंध में जानकारी साझा की। डीएफओ केशकाल श्रीमती दिव्या गौतम ने स्वागत उदबोधन में पर्यावरण की महता बताते हुए अपने आसपास के पर्यावरण संरक्षण की अपील की।


कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को पौधों का वितरण किया गया। श्रम विभाग द्वारा नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक हितग्राही को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शिक्षा विभाग द्वारा 10 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र तथा राजस्व विभाग द्वारा 13 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब वितरित की गई। 


इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, जनपद सदस्य श्री रूपनारायण जैन, श्री लंबोदर सलाम, श्री राजकिशोर राठी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक तहसीलदार श्री गणेश सिदार, एसडीओ वन विभाग श्रीमती सुषमा नेताम , श्रीमती हेमलता देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।