कोण्डागांव, असल बात News 28 सितम्बर 2026 सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा मेरा योगदान’ अंतर्गत केशकाल में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैया...
कोण्डागांव,
असल बात News
28 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा मेरा योगदान’ अंतर्गत केशकाल में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की शुरुआत केशकाल में निःशुल्क कोचिंग सेंटर के माध्यम से की गई है।
विधायक श्री टेकाम ने कहा कि क्षेत्र के अनेक युवा अपने बेहतर कैरियर और भविष्य के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। ऐसे युवाओं को अब कोण्डागांव के साथ ही केशकाल में भी निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जीवन में कैरियर का महत्वपूर्ण स्थान है। यदि जीवन में कुछ हासिल करना है तो उसकी शुरुआत आज से ही करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे यहां उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं और दृढ़ संकल्प के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें।
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि कोण्डागांव में संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर से अनेक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिली है। केशकाल क्षेत्र के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले युवाओं को कोण्डागांव तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए केशकाल में भी निःशुल्क कोचिंग सेंटर की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के समीप प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा और केशकाल को एक नए एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
निःशुल्क कोचिंग सेंटर के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन एवं अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कारणों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना है। इस केन्द्र में नीट, जेईई, सीजीपीएससी और सीजीएसएसबी जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
कार्यक्रम में केशकाल एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार श्री गणेश सिदार, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी श्री ईमल बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के युवा उपस्थित रहे।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


