कोण्डागांव, असल बात News 07 सितंबर 2026 शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन शनिवार को जिला क...
कोण्डागांव,
असल बात News
07 सितंबर 2026
शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिले के 20 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए अतिथियों द्वारा शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया और सम्मान राशि का चेक भी प्रदान किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने सर्वप्रथम महान दार्शनिक एवं आदर्श शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज के समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। शिक्षक के पास जितना ज्ञान है, उसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प होना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का गौरव और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को आशीर्वाद दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उनके देश के प्रति 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और योगदान को स्मरण करते हुए एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी से इन गतिविधियों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
विधायक श्री टेकाम ने कहा कि देश ने लगभग 50 वर्षों तक माओवाद की चुनौती का सामना किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 को देश माओवाद से मुक्त हुआ, जिसे उन्होंने 21वीं सदी की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह जानना आवश्यक है कि माओवाद के दौर में हमने क्या खोया और माओवाद से मुक्ति के बाद क्षेत्र में विकास एवं शांति के रूप में क्या हासिल किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का सम्मान करना हम सभी के लिए गर्व की बात है। आज सम्मानित किए गए 20 शिक्षक केवल एक संख्या हैं, जिले के सभी शिक्षक सम्मान के पात्र हैं, जिन्होंने त्याग, तपस्या और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दी हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक उस दीपक के समान हैं, जो एक बालक को ज्ञान और संस्कार देकर बेहतर नागरिक के रूप में गढ़ता है तथा अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर उजाले की ओर ले जाता है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम ने कहा कि गुरु के बिना शिक्षा अधूरी है। गुरु के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी को जीवन में आगे बढ़ने की सही दिशा मिलती है। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर ने कहा कि सभ्य समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपने ज्ञान और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन से ही अनेक विद्यार्थी बड़े पदों तक पहुंचते हैं।
तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा ने कहा कि शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान की भावना रखनी चाहिए, क्योंकि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, श्री नंद लाल राठौर, श्री कुलवंत चहल, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम श्री अजय उरांव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी श्री इमल बघेल, श्री डी.एस. पोटाई सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)

"
"
" alt="" />
" alt="" />


