कोण्डागांव, असल बात News 25 अगस्त 2026 कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास वि...
कोण्डागांव,
असल बात News
25 अगस्त 2026
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन एवं अनुष्ठा वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से ग्राम पंचायत बड़े कनेरा के पंचायत भवन में 24 अगस्त 2026 को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत ‘मोर बेटी मोर अभिमान’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना तथा उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन, चिकित्सा, कला एवं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। बेटियों को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर, सुरक्षित वातावरण एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘मोर बेटी मोर अभिमान’ अभियान का उद्देश्य भी बेटियों के प्रति सम्मान, समानता और गौरव की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान बालिका शिक्षा के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि बेटी की शिक्षा केवल उसके व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इससे परिवार और समाज का भी विकास होता है। शिक्षित बेटी अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होती है तथा भविष्य में परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस दौरान अभिभावकों से बेटियों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम, महिलाओं से संबंधित कानूनी अधिकार एवं विधिक प्रावधान, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम में समुदाय की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया। बच्चों एवं महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता एवं कानूनी सेवाओं का लाभ उठाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणजनों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें ‘मोर बेटी मोर अभिमान’ अभियान, बालिका शिक्षा, बाल अधिकार, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। स्कूली बच्चों ने उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। बच्चों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक बना रहा।
प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनमें जागरूकता एवं आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया गया। सही उत्तर देने वाले एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणजनों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत कोण्डागांव की अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, ग्राम पंचायत बड़े कनेरा के सरपंच श्री प्रकाश चुगरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश, प्राचार्य श्री जयंत कुमार मजुमदार, परियोजना अधिकारी कोण्डागांव-01 श्री संजय पोटावी, श्री अनुभव केसरवानी, अनुष्ठा वेलफेयर फाउंडेशन के श्री आनंद गेब्रियल, जिला महिला सशक्तिकरण की जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती माधुरी उसेंडी, बाल संरक्षण अधिकारी श्री नरेन्द्र सोनी, संस्थागत संरक्षण अधिकारी श्री गजेन्द्र पटेल सहित आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, ग्रामीणजन, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


