कोंडागांव, असल बात News 25 अगस्त 2026 कोण्डागांव पुलिस द्वारा जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प...
कोंडागांव,
असल बात News
25 अगस्त 2026
कोण्डागांव पुलिस द्वारा जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “साइबर मितान” पहल की शुरुआत की गई है। इस पहल के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 46 साइबर मितानों का चयन किया गया है।
चयनित साइबर मितानों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज पुलिस लाइन, कोण्डागांव में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य साइबर मितानों को साइबर अपराधों की पहचान, रोकथाम, त्वरित रिपोर्टिंग तथा साइबर अपराध के पीड़ितों को उचित सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान साइबर मितानों को UPI/QR Code Fraud, OTP/KYC Fraud, Fake Customer Care, Investment/Trading Scam, Job Fraud, Loan Fraud, Digital Arrest, Social Media Fraud, Fake Profile, Online Blackmail, AI/Deepfake आधारित धोखाधड़ी सहित साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
साइबर अपराध होने की स्थिति में पीड़ित को तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन, National Cyber Crime Reporting Portal (cybercrime.gov.in) तथा निकटतम पुलिस थाना/सायबर सेल से संपर्क करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही Screenshot, Transaction ID/UTR, मोबाइल नंबर, URL, Chat एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
साइबर मितानों को यह भी स्पष्ट किया गया कि वे पुलिस के विकल्प नहीं, बल्कि पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। वे आम नागरिकों को जागरूक करेंगे, साइबर अपराध की प्रारंभिक जानकारी देंगे तथा पीड़ितों को सही समय पर पुलिस/सायबर सेल तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। उन्हें OTP, UPI PIN, Password अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं लेने तथा स्वयं किसी प्रकार की जांच या तकनीकी कार्रवाई नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण में रहे प्रशिक्षक
प्रशिक्षण कार्यक्रम में—
- श्री अभिनव उपाध्याय,(SDOP) सोशल मीडिया मॉनिटरिंग नोडल अधिकारी
- श्री सिद्धार्थ बघेल, डीएसपी, साइबर सेल
- श्री सौरभ उपाध्याय, निरीक्षक एवं प्रभारी, साइबर सेल
- आरक्षक मनीष बॉस, साइबर सेल
के द्वारा साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम एवं पीड़ित सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, IPS एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, IPS ने कहा
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इसके साथ साइबर अपराध के नए-नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। साइबर अपराध की रोकथाम में केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम नागरिकों में जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि “साइबर मितान कोण्डागांव पुलिस और आम जनता के बीच साइबर जागरूकता की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेंगे। हमारा उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचे और लोग ठगी का शिकार होने से पहले ही उसके संकेतों को पहचान सकें।”
उन्होंने साइबर मितानों से अपने-अपने गांव, वार्ड, स्कूल, महाविद्यालय एवं सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से साइबर जागरूकता फैलाने तथा नागरिकों को 1930 साइबर हेल्पलाइन और National Cyber Crime Reporting Portal की जानकारी देने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “साइबर अपराध में समय सबसे महत्वपूर्ण है। वित्तीय साइबर ठगी होने पर बिना समय गंवाए 1930 पर सूचना दें। जितनी जल्दी सूचना मिलेगी, उतनी ही शीघ्र कार्रवाई की संभावना बढ़ेगी।”
उन्होंने साइबर मितानों को निर्देशित किया कि वे पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य करते हुए गोपनीयता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी का पालन करें तथा किसी भी गंभीर या संवेदनशील मामले को तत्काल पुलिस/सायबर सेल तक पहुंचाएं।
कोण्डागांव पुलिस की अपील
कोण्डागांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV अथवा Password किसी से साझा न करें। अनजान Link, QR Code, APK अथवा Remote Access Application का उपयोग करने से पहले सत्यापन अवश्य करें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ वित्तीय साइबर ठगी हो जाती है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें, अपने बैंक/भुगतान सेवा प्रदाता को सूचित करें तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
कोण्डागांव पुलिस — “जागरूक नागरिक, सुरक्षित समाज”



"
"
" alt="" />
" alt="" />


