कोण्डागांव, असल बात News 22 सितंबर 2026 छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए युवाओं...
कोण्डागांव,
असल बात News
22 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए युवाओं के सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। स्थानीय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
‘युवा शक्ति, विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं रचनात्मक सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सशक्तिकरण के साथ नवाचार, सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक कार्यों की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का सकारात्मक उपयोग विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ को युवाओं के लिए प्रेरणादायी पहल के रूप में आयोजित किया गया। आयोजन के माध्यम से युवा शक्ति को नई दिशा प्रदान करते हुए विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा वह है जिसके सीने में देश के लिए सुलगती आग हो, जो अपनी संस्कृति को आत्मसात करे और नारी शक्ति का सम्मान करे। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग सोच-समझकर एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के प्रसिद्ध संदेश ‘उठो, जागो और तब तक रुको नहीं जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ का उल्लेख करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने वालों को कोई भी अपने सपनों की पूर्ति से दूर नहीं कर सकता। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक, रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा भारत माता की जय और छत्तीसगढ़ महतारी के गौरव एवं विकास में सकारात्मक योगदान दें। साथ ही उन्होंने युवा कल्याण से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि युवाओं में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दृढ़ इच्छा और संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘हम रहें या न रहें, देश रहना चाहिए’, यही हमारा पहला लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ने लंबे समय तक माओवाद की चुनौती का सामना किया है। अब नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलते हुए बस्तर को नई उड़ान के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर संभाग देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनेगा। देश तभी विकसित होगा, जब बस्तर विकसित होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि युवाओं के हाथों में देश का भविष्य है। युवाओं में असंभव को संभव करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विजन वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। इसी दिशा में हमारा भी संकल्प है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर एवं विकसित बने।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के बेहतर भविष्य और उनके विकास की संभावनाओं पर चर्चा करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है, ताकि युवा अपने जोश और जुनून को सही दिशा में आगे बढ़ा सकें। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम में वक्ता डॉ. आकाश वासनिकर ने विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका विषय पर, वक्ता श्री नसिर अहमद ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियाँ (युवाओं के लिए हो रहे कार्य) विषय पर तथा वक्ता श्री शशिभूषण कन्नौजे ने एक देश, एक चुनाव विषय पर अपने विचार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 06 युवाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, श्रीमती रामदई नाग, श्री जैनेंद्र ठाकुर, श्री जितेंद्र सुराना, श्रीमती ईना श्रीवास्तव, श्री नागेश देवांगन, पार्षद श्री संतोष पात्रे, श्री ललित देवांगन, सुश्री सोनामणि पोयाम, श्री सहदेव साहू, श्री प्रेम सिंह नाग, श्रीमती सुमन शुक्ला सहित अन्य पार्षदगण, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री वीरेन्द्र दीवान, ऋषिदेव सिंह और
प्रभाकर सिंह सफलतापूर्वक मंच संचालन किया।
.jpg)
.jpg)

"
"
" alt="" />
" alt="" />


