कोण्डागांव, असल बात News 17 जुलाई 2026 जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में ...
कोण्डागांव,
असल बात News
17 जुलाई 2026
जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी ने शामिल युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रोजगार एवं कैरियर निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित रोजगार कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि शासन की ऐसी पहल युवाओं को उनकी रुचि और योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, इसलिए युवा अपनी रुचि के अनुसार अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारें। उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी ने युवाओं को निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में निजी संस्थान मेसर्स फायर, सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट तथा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा. लि., कोण्डागांव द्वारा फायरमैन, सिक्योरिटी गार्ड, फूड पैकिंग, ड्राइवर, वार्ड बॉय, वार्ड गर्ल, होम केयर टेकर एवं फील्ड ऑफिसर सहित कुल 185 पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। मेले में कुल 628 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 213 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। चयन प्रक्रिया के उपरांत 90 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जिनमें से 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन कर उन्हें नियुक्ति के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम में सहायक परियोजना अधिकारी श्री पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


