आरंग/रायपुर . असल बात news. आरंग विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित विकास महापर्व का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत...
आरंग/रायपुर .
असल बात news.
आरंग विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित विकास महापर्व का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार 9 जुलाई को नगर पंचायत समोदा में आयोजित विधानसभा स्तरीय भव्य भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह में शामिल होकर ₹112 करोड़ से अधिक की लागत वाले 96 विकास कार्यों की सौगात देंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ₹21.67 करोड़ लागत के 67 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा ₹90.34 करोड़ लागत के 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।पूर्व में अपरिहार्य कारणों से 6 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। नगर पंचायत समोदा सहित पूरे आरंग विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।कार्यक्रम की तैयारियों की कमान संभालते हुए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने लोक निर्माण, पुलिस, नगरीय प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के स्वागत, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आरंग विधानसभा के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा ₹21.67 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें लोक निर्माण विभाग के ₹9.43 करोड़ के 3 कार्य, नगर पंचायत समोदा के ₹6.67 करोड़ के 20 कार्य, आरंग नगर पालिका के ₹4.78 करोड़ के 39 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के ₹79 लाख के 5 कार्य शामिल हैं।मुख्यमंत्री ₹90.34 करोड़ की लागत से बनने वाले 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें लोक निर्माण विभाग के ₹61.11 करोड़ के 8 कार्य, नवा रायपुर के सेक्टर-17 कोटराभाठा में ₹18 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों के आधुनिक अस्पताल का निर्माण, नगर पंचायत समोदा के ₹8.70 करोड़ के 9 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ₹2.54 करोड़ के 11 कार्य शामिल हैं।समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधि संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और क्षेत्र का संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वीकृत ये विकास कार्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे तथा आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समोदा में विशाल पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा वीआईपी मूवमेंट की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस विकास महापर्व के दौरान आरंग विधानसभा को कई नई सौगातें मिलेंगी और विकास को नई गति प्राप्त होगी।




"
"
" alt="" />
" alt="" />


