Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

Automatic Slideshow


16 जून से शाला प्रवेश उत्सव के व्यापक आयोजन के निर्देश, नए शिक्षा सत्र की तैयारियों पर शिक्षा विभाग की हुई अहम बैठक,प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों को दिये गये दिशा-निर्देश, शत प्रतिशत उपस्थिति पर फोकस

कवर्धा,असल बात कवर्धा, / नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने शनिवार को स्वामी आत्मानंद इं...

Also Read

कवर्धा,असल बात





कवर्धा, / नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने शनिवार को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, रानीदुर्गावती चौक, कवर्धा के सभागार में जिले के 150 प्राचार्यों एवं 150 संकुल शैक्षिक समन्वयकों की संयुक्त मेगा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 जून 2026 से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने प्रवेश उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार, बैनर-पोस्टर लगाने, रैली निकालने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी कराने तथा जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समिति के सदस्यों और पालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने विद्यालय प्रारंभ होने से पूर्व शाला भवन, परिसर एवं कक्षाओं की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में जर्जर एवं असुरक्षित भवनों में विद्यालय संचालित न किए जाएं। ऐसे विद्यालयों को वैकल्पिक शासकीय भवनों अथवा कक्षों में संचालित किया जाए।


बैठक में नवीन सत्र के प्रथम दिवस से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, शाला त्यागी बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने तथा नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत करने, पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं सरस्वती साइकिल वितरण करने तथा बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए।


श्री वर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप राज्य स्तर से जारी 211 पृष्ठीय विस्तृत शैक्षिक कैलेंडर के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने मूलभूत, प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर कक्षावार एवं विषयवार निर्धारित गतिविधियों के समयबद्ध संचालन की आवश्यकता बताई।


बैठक में सहायक संचालक श्री यू.आर. चन्द्राकर, श्री डी.जी. पात्रा, श्री एम.के. गुप्ता तथा एमआईएस प्रशासक श्री सतीश यदु ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान ई-एचआरएमआईएस में शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की ऑनलाइन जानकारी अद्यतन करने, वृक्षारोपण एवं वाटर हार्वेस्टिंग, निःशुल्क साइकिल, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों के वितरण और ऑनलाइन प्रविष्टि, सीजी लीव मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश आवेदन की अनिवार्यता, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, यू-डाइस डाटा सत्यापन, अपार आईडी, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा छात्रवृत्ति प्रकरणों की प्रगति पर चर्चा की गई।


बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, छत्तीसगढ़ शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम न्यौता भोज की नियमितता, विद्यालय परिसर में पोषण वाटिका विकसित करने, विद्यालय भवन एवं किचन शेड की स्वच्छता बनाए रखने तथा सामाजिक सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों को स्लेट, पेंसिल, अभ्यास पुस्तिका एवं फुटवियर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

इसके अलावा स्कूल मैनेजमेंट कमिटी की भूमिका, निजी विद्यालयों में शुल्क संबंधी फ्लेक्स प्रदर्शित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के अनिवार्य अध्यापन पर चर्चा की गई। शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन के लिए शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण जिला, विकासखंड एवं संकुल स्तर पर किए जाने तथा मासिक समीक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में  विकासखंड शिक्षा अधिकारी—बोड़ला श्री भानुप्रताप चन्द्राकर, कवर्धा श्री संजय दुबे, सहसपुर लोहारा श्री देवेन्द्र साहू तथा पंडरिया श्री दीपक ठाकुर सहित जिले के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

असल बात,न्यूज