कवर्धा,कबीरधाम आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को जिला कार्यालय सभाकक्ष में कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, आगामी होली एवं महाशिवरात्रि पर्व की तै...
कवर्धा,कबीरधाम
आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को जिला कार्यालय सभाकक्ष में कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, आगामी होली एवं महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों, संभावित आंदोलन/धरना-प्रदर्शन, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल, एडीएम विनय पोयाम, एसडीएम पंडरिया संदीप ठाकुर, एसडीएम कवर्धा चेतन साहू, एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक, डीएसपी अंजू कुमारी, डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी आशीष शुक्ला, थाना प्रभारी योगेश कश्यप, तहसीलदार कवर्धा परमेश्वर मांडवी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष रूप से ग्राम कामठी स्थित कामठी मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान पूर्व वर्षों में उत्पन्न हुए विवादों की पृष्ठभूमि, वर्तमान स्थिति एवं संभावित संवेदनशील बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा यह अवगत कराया गया कि शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़, धार्मिक अनुष्ठानों के समय-क्रम, व्यवस्थापन संबंधी मुद्दों तथा दो पक्षों के मध्य मतभेद के कारण तनाव की स्थिति निर्मित होने की आशंका रहती है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा विवाद की पुनरावृत्ति रोकने हेतु पूर्व समन्वय बैठकें आयोजित की जाएँ। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत, मंदिर समिति तथा प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर स्पष्ट व्यवस्था तय की जाए, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने निर्देश दिया कि कामठी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए विशेष सुरक्षा योजना लागू की जाए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत पैदल गश्त, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन निगरानी (आवश्यकतानुसार), बैरिकेडिंग एवं प्रवेश-निकास व्यवस्था का सुव्यवस्थित निर्धारण किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण हेतु अलग-अलग कतार व्यवस्था तथा महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष द्वारा उकसावे की कार्रवाई, अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने अथवा कानून हाथ में लेने की स्थिति में तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात व्यवस्था के लिए मंदिर मार्ग पर विशेष डायवर्जन प्लान, पार्किंग स्थल चिन्हांकन एवं ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक असुविधा न हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि एवं होली जैसे प्रमुख पर्वों के दौरान जिले के अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी सतर्कता बढ़ाई जाएगी। परीक्षा अवधि को दृष्टिगत रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे संचालन पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रशासन एवं पुलिस पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा कामठी मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे संयम एवं सहयोग का परिचय दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
असल बात,न्यूज



"
"
" alt="" />
" alt="" />


