कवर्धा,रायपुर बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ हुआ महत्वपूर्ण समझौता, 40 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और अन्य सुविधाओं का मिलेगा लाभ,कम आय वाले स्वयं...
कवर्धा,रायपुर
बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ हुआ महत्वपूर्ण समझौता, 40 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और अन्य सुविधाओं का मिलेगा लाभ,कम आय वाले स्वयंसेवकों और कर्मचारियों को मिलेगा आर्थिक सुरक्षा का मजबूत संबल
रायपुर, / उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा की पहल से छत्तीसगढ़ में नगर सेना, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाओं और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) से जुड़े स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विभाग और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच 06 अक्टूबर को हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से कम आय वाले स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों को जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा, दिव्यांगता सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
इस समझौते की विशेष बात यह है कि इसका लाभ विभाग के ऐसे स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्हें प्रतिमाह 10 हजार से 50 हजार रुपये तक वेतन अथवा मानदेय प्राप्त होता है। इससे सीमित आय में परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण संबल मिलेगा।
*दुर्घटना की स्थिति में 40 लाख रुपये तक का बीमा सुरक्षा कवच*
समझौते के अंतर्गत पात्र स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों को एक लाख रुपए का जीवन बीमा तथा 40 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने की स्थिति में दुर्घटना बीमा के अंतर्गत 25 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ का प्रावधान भी किया गया है। इसके अतिरिक्त स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 40 लाख रुपए तथा आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में 30 लाख रुपए तक के बीमा लाभ का प्रावधान किया गया है। पात्र कर्मचारियों को ऋण संबंधी सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा।
*जोखिम भरी सेवाओं में कार्यरत जवानों और उनके परिवारों को मिलेगा संबल*
नगर सेना, अग्निशमन और एसडीआरएफ के जवान आपदा, आगजनी, बाढ़ तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे जवानों और कर्मचारियों के लिए बीमा सुरक्षा की यह व्यवस्था विशेष महत्व रखती है। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में निर्धारित बीमा लाभ उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों से उबरने में सहायता प्रदान कर सकेगा।
*जिला स्तर पर बैंक खाते खुलवाने और सुविधाओं का लाभ दिलाने के निर्देश*
समझौते के तहत पात्र स्वयंसेवक एवं कर्मचारी अपने जिले में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में वेतन खाता खुलवाकर निर्धारित सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। सभी इकाई प्रमुखों को बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र कर्मचारियों तक इन सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल से हुई यह व्यवस्था आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों और कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल उनकी आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों तथा उनके परिवारों को भी भविष्य के प्रति अधिक भरोसा और सुरक्षा का संबल मिलेगा।
असल बात,न्यूज़

"
"
" alt="" />
" alt="" />


