कोण्डागांव, असल बात News 08 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में विभिन्न जन-जागरूकता एवं...
कोण्डागांव,
असल बात News
08 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में विभिन्न जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासन के निर्देशानुसार कोंडागांव में सेवा के रंग अंतर्गत राष्ट्र मंडला रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के लिए उच्च शिक्षा विभाग को नोडल तथा स्कूल शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति एवं जनजाति विभाग को सहयोगी एवं समन्वयक विभाग बनाया गया है।
जिला प्रशासन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 07 अक्टूबर को शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के बास्केटबॉल मैदान में भव्य राष्ट्र मंडला रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम “नक्सल मुक्त बस्तर एवं नक्सल मुक्त भारत” तथा “एक पेड़ माँ के नाम” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बस्तर अंचल में शांति, सुरक्षा, विकास, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से हो रहे सकारात्मक बदलाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने सेवा संकल्प अभियान के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके नेतृत्व में बस्तर सहित पूरे देश को नक्सलवाद से मुक्त होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और समाज सेवा में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि हम जिस भी क्षेत्र में हैं, वहां अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हुए देश की सेवा में योगदान दे सकते हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक प्रयास से विशाल एवं संदेशपरक रंगोली तैयार की। रंगोली के माध्यम से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को आकर्षक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
रंगोली में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, अधोसंरचना विकास, सामाजिक पुनर्वास, ग्रामीण विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा की स्थापना, ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की पहुंच, सड़क एवं संचार सुविधाओं का विस्तार तथा स्थानीय संसाधनों के माध्यम से आजीविका के अवसरों को भी रचनात्मक रूप से उकेरा गया।
रंगोली के केंद्रीय भाग में “नक्सल मुक्त बस्तरकृनक्सल मुक्त भारत” का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से हिंसा एवं भय से मुक्त, शांति, सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और विकास की ओर अग्रसर बस्तर की परिकल्पना को दर्शाया गया। वहीं “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
राष्ट्र मंडला रंगोली कार्यक्रम की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 07 अक्टूबर को एनसीसी ग्राउंड से शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर तक विशाल जनप्रतिनिधि एवं जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से नक्सल मुक्त बस्तर, नक्सल मुक्त भारत, शांति, विकास, सामाजिक समरसता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय परिसर पहुंचने के पश्चात अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विशाल राष्ट्र मंडला रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली की विषयवस्तु, कलात्मक प्रस्तुति एवं सामाजिक संदेश ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
नमो सेवा गाथा के तहत एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रस्तुत किया आकर्षक नुक्कड़ नाटक
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय सेवा योजना (छैै) के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। स्वयंसेवकों ने “नमो सेवा गाथा” अंतर्गत “उरी सर्जिकल स्ट्राइक” पर आधारित देशभक्ति एवं जन-जागरूकता से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, साहस, राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा तथा देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
एनएसएस स्वयंसेवकों के जोशीले संवाद, अभिनय एवं प्रस्तुति ने विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह का संचार किया। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री संतराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्र मंडला रंगोली का अवलोकन कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया तथा कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बस्तर का भविष्य शांति, शिक्षा, विकास, रोजगार और सामाजिक सहभागिता में निहित है। युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान लिया जा सकता है। विद्यार्थियों द्वारा रंगोली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए संदेश को जन-जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
युवाओं ने दिया शांति, विकास और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने संदेश दिया कि शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, सामाजिक सहभागिता और सतत विकास के माध्यम से बस्तर को विकास की नई दिशा दी जा सकती है। युवाओं ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा एवं रचनात्मकता के माध्यम से क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव व्यक्त किया। कार्यक्रम ने युवाओं में रचनात्मकता, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया।
यह संपूर्ण कार्यक्रम जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रश्मि पोया, शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम एवं कार्यक्रम प्रभारी श्री शशिभूषण कन्नौजे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिवार, छैै स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगी विभागों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित राष्ट्र मंडला रंगोली एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम ने कोंडागांव में शांति, विकास, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम ने यह विश्वास मजबूत किया कि जागरूक युवा, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से शांतिपूर्ण, समृद्ध, नशामुक्त, नक्सलमुक्त एवं विकसित बस्तर तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाए जा सकते हैं।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत अध्यक्ष माकड़ी श्रीमती जुगबती पोयाम, उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, श्री मनोज जैन, श्री जितेंद्र सुराना, श्रीमती अनीता नेताम, श्री अनिल अग्रवाल, श्री विजय पोया, श्री नागेश देवांगन, श्री प्रतोश त्रिपाठी, श्री चंदन साहू सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


