कोण्डागांव, असल बात News 09 अक्टूबर 2026 भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं ...
कोण्डागांव,
असल बात News
09 अक्टूबर 2026
भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं टीबी मुक्त पंचायत के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में टीबी मुक्त भारत टीम (जोश टीम) के उन्मुखीकरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित की गई ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति राम पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, जनपद पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र सिंह ठाकुर एवं श्री मनोज जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अविनाश भोई के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रेमलाल मंडावी, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. हरेन्द्र बघेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती भावना महलवार, जिला कार्यक्रम समन्वयक (टीबी) श्री कांतेश देवांगन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान टीबी रोग की पहचान, उपचार, खान-पान एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में जनजागरूकता के लिए ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। एनसीसी, एनएसएस एवं माय भारत वॉलंटियर्स के सहयोग से गठित इन टीमों के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
वर्ष 2025 में जिले की कुल 384 ग्राम पंचायतों में से 244 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया। इस उपलब्धि के लिए संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को श्रीफल, गांधीजी का मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026 के दौरान जिले की शेष पंचायतों सहित अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
जोश टीम के सदस्य ग्रामीण एवं सामुदायिक स्तर पर टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। साथ ही पौष्टिक खान-पान, नियमित उपचार एवं टीबी से बचाव संबंधी सावधानियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी को मजबूत करते हुए अभियान को पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
.jpeg)
.jpeg)

"
"
" alt="" />
" alt="" />


