कोण्डागांव, असल बात News 02 सितम्बर 2026 विश्व खेल दिवस के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत खिलाड़ियों, युवाओं एव...
कोण्डागांव,
असल बात News
02 सितम्बर 2026
विश्व खेल दिवस के अवसर पर कोण्डागांव पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेलप्रेमियों के बीच साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों एवं उपस्थित युवाओं को बताया गया कि जिस प्रकार खेल के मैदान में जीत के लिए अनुशासन, सतर्कता, धैर्य और सही समय पर सही निर्णय लेना आवश्यक होता है, उसी प्रकार डिजिटल दुनिया में साइबर अपराधों से बचने के लिए भी जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है।
इस दौरान ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, OTP फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं ऑनलाइन गेम/ऑफर के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस ने खिलाड़ियों एवं युवाओं को विशेष रूप से समझाया कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड एवं बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें।
खिलाड़ियों ने भी दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने साइबर जागरूकता अभियान में सहभागिता करते हुए आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं मित्रों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
खिलाड़ियों ने संदेश दिया कि—
“जिस तरह खेल में जीत के लिए सतर्कता और अनुशासन जरूरी है, उसी तरह ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूकता और सावधानी जरूरी है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों एवं युवाओं को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने तथा घटना की जानकारी नजदीकी पुलिस थाने को देने के लिए जागरूक किया गया।
कोण्डागांव पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न वर्गों—विद्यार्थियों, युवाओं, खिलाड़ियों, ग्रामीणों, बैंक कर्मचारियों एवं आम नागरिकों—तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
कोण्डागांव पुलिस की अपील
“खेल में अनुशासन अपनाएं, डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतें।
साइबर जागरूक बनें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित बनाएं।”
कोण्डागांव पुलिस छत्तीसगढ़ पुलिस — साइबर जागृति अभियान



"
"
" alt="" />
" alt="" />


