रायपुर,अंबिकापुर,असल बात आदरणीय अग्रबंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा साथियों, अग्र समाज के इस महत्वपूर्ण एवं गरिमामय आयोजन “अग्र महाकुंभ–2026” के...
रायपुर,अंबिकापुर,असल बात
आदरणीय अग्रबंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा साथियों,
अग्र समाज के इस महत्वपूर्ण एवं गरिमामय आयोजन “अग्र महाकुंभ–2026” के प्रांतीय अधिवेशन के संयोजक के रूप में मेरा मनोनयन मेरे लिए केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि प्रांतीय अध्यक्ष डॉ॰ अशोक अग्रवाल जी, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन और समाज द्वारा जताया गया विश्वास और मेरे लिए गौरव का विषय रहा है। जिस क्षण यह जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई, उसी क्षण मैंने मन में यह संकल्प लिया कि इस अधिवेशन को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जो समाज की एकता, संगठन, सेवा, संस्कार और सामूहिक शक्ति का सुंदर प्रतिबिंब बने।
आज, इस दो दिवसीय अग्र महाकुंभ–2026 के सफल आयोजन के पश्चात्, मैं उन सभी आदरणीय अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवा साथियों, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपनी सहभागिता, सहयोग और समर्पण से इस आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया।
इस संपूर्ण यात्रा में प्रांतीय अध्यक्ष आदरणीय डॉ. अशोक अग्रवाल जी के मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व, प्रांतीय महामंत्री आदरणीय श्री संजय अग्रवाल जी के सतत सहयोग एवं निरन्तर उत्साहवर्धन तथा प्रांतीय संयोजक (अलंकरण) आदरणीय श्री ललित जी अग्रवाल जी के सहयोग और सक्रिय सहभागिता ने मुझे निरंतर ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की। उनके विश्वास ने इस दायित्व को निभाने का मेरा संकल्प और अधिक मजबूत किया।
आयोजन की तैयारियों का यह सफर अपने आप में एक अनुभव रहा। निरंतर बैठकें, विभिन्न समितियों का गठन, जिम्मेदारियों का निर्धारण, अतिथियों का स्वागत, आवास, भोजन, मंच, यातायात, प्रचार-प्रसार, व्यापार मेला, अलंकरण समारोह तथा अनेक छोटी-बड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में अनेक अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया। आप सभी के इस अथक परिश्रम और समर्पण के लिए मैं हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूँ।
निश्चित रूप से इस यात्रा के बीच कुछ कठिनाइयाँ और चुनौतियाँ भी सामने आईं। कई अवसर ऐसे आए जब परिस्थितियाँ हमारे अनुकूल नहीं थीं, कुछ निर्णय कठिन थे और समय भी सीमित था। लेकिन इन कठिनाइयों के बीच हमारा मनोबल कभी नहीं टूटा। वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, युवा साथियों का विश्वास और समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग हमारी सबसे बड़ी ताकत बना। हम हर चुनौती को एक नए अवसर के रूप में स्वीकार करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहे।
*महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा हमारे इस अग्र महाकुंभ–2026, प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम् अग्र अलंकरण समारोह की एक विशिष्ट उपलब्धि रही। इस महत्वपूर्ण मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा करने के लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के प्रति भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। यह निर्णय महाराजा अग्रसेन जी के प्रति समाज की आस्था और सम्मान को और अधिक व्यापक रूप प्रदान करने वाला है।*
आज जब यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है, तो मैं इसे मेरी या किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि समूचे अग्र समाज के सामूहिक संकल्प, सहयोग और समर्पण का परिणाम मानता हूँ। मुख्य प्रायोजकों, सह-प्रायोजकों, दानदाताओं, व्यापारिक संस्थानों, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, विभिन्न समितियों के सदस्यों, स्वयंसेवकों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
आप सभी अतिथियों, अग्रबंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा साथियों ने अपने अमूल्य समय की सहभागिता देकर इस आयोजन की गरिमा बढ़ाई, इसके लिए मैं आपका हृदय से आभारी हूँ।
*यदि इस दो दिवसीय आयोजन के दौरान जाने-अनजाने कोई कमी या त्रुटि रह गई हो, किसी व्यवस्था में असुविधा हुई हो अथवा आयोजन समिति के किसी सदस्य के व्यवहार से आपका दिल दुखा हो, तो उसे मेरी व्यक्तिगत एवं मानवीय भूल समझकर क्षमा करें। आपका स्नेह, विश्वास और मार्गदर्शन ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी और प्रेरणा है।*
अग्र महाकुंभ–2026 को सफल बनाने में जिस प्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग ने एकजुट होकर अपनी सहभागिता निभाई, वह हमारे अग्र समाज की एकता, संगठन और सामूहिक शक्ति का सुंदर उदाहरण है। आइए, हम इस आयोजन से मिली नई ऊर्जा और प्रेरणा को आगे भी बनाए रखें तथा समाज की एकता, संगठन, सेवा और संस्कार को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लें।
ईश्वर से प्रार्थना है कि हमारा अग्र समाज सदैव संगठित, समृद्ध, संस्कारित और प्रगतिशील रहे तथा आपसी प्रेम और भाईचारा निरंतर बढ़ता रहे।
आप सभी का हृदय से आभार, साधुवाद एवं प्रणाम। 🙏
आपका अपना
कन्हैयालाल अग्रवाल
संयोजक
अग्र महाकुंभ–2026
अम्बिकापुर
असल बात,न्यूज़

"
"
" alt="" />
" alt="" />


