कोंडागांव, असल बात News 10 सितंबर 2026 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर प...
कोंडागांव,
असल बात News
10 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इस दौरान केन्द्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अभियान के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की सहभागिता के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, जनसेवा की भावना को मजबूत करने तथा विकसित भारत के संकल्प में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों की कल्पनाओं में विकसित भारत के सपने को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा।
इसी प्रकार ‘आंगन का उत्सव’ पहल के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘कहानी बदलाव की’ पहल के माध्यम से पूरे अभियान के दौरान शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
‘जल जन सेवा संकल्प’ गतिविधि पूरे अभियान अवधि में आयोजित होगी। वहीं ‘सेवा-मेरा योगदान’ के अंतर्गत 25 विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ नदी-घाट स्वच्छता सहित जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके अलावा 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक 100 प्रमुख स्थलों पर ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाट्य आयोजित किए जाएंगे। अभियान अवधि में 03 से 04 दिवसीय ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके साथ ही 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’, निर्धारित दिवस पर ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम कोंडागांव श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


