भिलाई . असल बात news. पाटन के ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर 2 दिन पहले 16 अगस्त को हुई फायरिंग की घटना में थाना जामगांव...
भिलाई .
असल बात news.
पाटन के ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर 2 दिन पहले 16 अगस्त को हुई फायरिंग की घटना में थाना जामगांव (आर) पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के द्वारा निर्माण कार्य बंद कराने को लेकर विवाद के दौरान पिस्टल से जान से मारने की नियत से फायरिंग करना सामने आया। पुलिस के द्वारा आरोपी को 2 दिन के डिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर प्रार्थी बिसहत यादव उम्र 46 वर्ष एवं अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी अविचल अग्रवाल अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 04 LU 7326 से मौके पर पहुंचा।
आरोपी द्वारा सोलर प्लांट में चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने की धमकी दी गई। इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के दौरान आरोपी द्वारा जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकाया गया तथा इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से मौके से चला गया।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना जामगांव (आर) पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटना से संबंधित तथ्यों एवं उपलब्ध सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा देर रात घेराबंदी कर आरोपी अविचल अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई। आरोपी को दिनांक 17.08.2026 को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 02 दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। प्रकरण में आगे की विवेचना एवं पूछताछ जारी है।
जप्त सामग्री
01 नग पिस्टल, घटना में प्रयुक्त।
थाना जामगांव (आर) में आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। प्रकरण में बरामद पिस्टल के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में एसडीओपी पाटन, क्राइम ब्रांच दुर्ग, थाना प्रभारी जामगांव (आर) एवं थाना जामगांव (आर) के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


