कोण्डागांव, असल बात News 31 जुलाई 2026 भारत के लौह पुरुष एवं देश की एकता और अखण्डता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक...
कोण्डागांव,
असल बात News
31 जुलाई 2026
भारत के लौह पुरुष एवं देश की एकता और अखण्डता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) कोण्डागांव में जिला स्तरीय निबंध, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रनिर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, अनुशासन, संविधान के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना था। प्रतियोगिता में जिले के 12 विद्यालयों से लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल एवं विचारों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं उनके कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्णायक समिति द्वारा किया गया। निर्णायक समिति की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा पंकज चंद्रा तथा सदस्य श्रीमती रुचि कुमार एवं श्रीमती पूनम राजपूत ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए प्रत्येक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चयन किया।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अत्यंत प्रेरणादायी रही। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के महान राष्ट्रनायक सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, आदर्शों एवं उनके अमूल्य योगदान को जानने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) कोण्डागांव में आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। जिला पुलिस कोण्डागांव द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतिभा के विकास हेतु इस प्रकार के जनजागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


