कवर्धा,असल बात पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं श्री अमित पटेल...
कवर्धा,असल बात
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले के स्कूलों एवं महाविद्यालयों में लगातार जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, कानून तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाकर उन्हें जिम्मेदार एवं सजग नागरिक के रूप में विकसित करना है। इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पिपरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री नितिन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, अपराधों से बचाव एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, लुभावने ऑफर एवं संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल सुरक्षा विषय पर विद्यार्थियों को सुरक्षित व्यवहार, गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर बिना भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
यातायात जागरूकता के अंतर्गत हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सड़क संकेतों का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। विद्यार्थियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री नितिन, सहायक उपनिरीक्षक श्री बीरबल वर्मा, प्रधान आरक्षक श्री जकतू कोसले, प्रधान आरक्षक श्री घनाराम सिन्हा, आरक्षक श्री भगवानदास, विद्यालय के प्राचार्य श्री कन्हैयालाल सिंगरौल, शिक्षक श्री पवन कुमार कोसरिया, श्रीमती मोनिका सोनी, श्रीमती देवकी नेताम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
असल बात,न्यूज


"
"
" alt="" />
" alt="" />


