कोंडागांव, असल बात News 08 जुलाई 2026 जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा लंबित प्...
कोंडागांव,
असल बात News
08 जुलाई 2026
जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में आज जिला पुलिस कार्यालय में समस्त राजपत्रित अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों तथा थाना/चौकी प्रभारियों की विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा गंभीर एवं लंबित अपराधों में शीघ्र विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाएं, जिससे अपराधियों को शीघ्र दंड मिल सके।
बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, नियमित रात्रि गश्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग तथा विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग कर अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों, ऑनलाइन बैंकिंग एवं एटीएम धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने, फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। "कॉप ऑफ द मंथ" सम्मान आरक्षक अजरंग बघेल, आरक्षक लिलेश ध्रुव एवं आरक्षक दशरू नेताम को प्रदान किया गया। वहीं "एम्पलाई ऑफ द मंथ" सम्मान श्री गिरजा शंकर देव को उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली अन्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासित, उत्तरदायी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


