रायपुर . असल बात news. 04जुलाई 2026. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के शिवम् छात्रावास के एक कक्ष की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्...
रायपुर .
असल बात news.
04जुलाई 2026.
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के शिवम् छात्रावास के एक कक्ष की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर जाने के प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है. इस घटना में छत के मलबे की चपेट में आ जाने से एक छात्र घायल हो गया था. विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के उपचार एवं चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं के लिए तत्काल बजट स्वीकृत किया है, वहीं शिवम् छात्रावास सहित अन्य भवनों की तत्काल मरम्मत एवं संरचनात्मक सुरक्षा परीक्षण कराने के निर्देश दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 02 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के शिवम् छात्रावास के एक कक्ष की छत का एक हिस्सा अचानक क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। इस घटना में छात्र नीरज कुमार के सिर पर हल्की चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास के विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल छात्र को छात्रावास के समीप स्थित लक्ष्मीकांत अस्पताल में भर्ती कराया। विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमोले ने स्वयं छात्र के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय जांचों की सतत निगरानी एवं समन्वय किया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की सभी जांचें सामान्य हैं तथा वह पूर्णतः स्वस्थ एवं सुरक्षित है।
एहतियातन छात्र नीरज कुमार एवं उसके कक्ष में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों को छात्रावास के सुरक्षित कमरों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गिरीश चंदेल ने तत्काल कुलसचिव, अधिष्ठाता, प्रभारी (निर्माण एवं अनुरक्षण) तथा छात्रावास अधीक्षकों की आपात बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कुलपति ने विद्यार्थियों के उपचार एवं चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं के लिए तत्काल बजट स्वीकृत किया।
कुलपति ने प्रभारी (निर्माण एवं अनुरक्षण) को शिवम् छात्रावास सहित अन्य भवनों की तत्काल मरम्मत एवं संरचनात्मक सुरक्षा परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कुलसचिव को निर्देशित किया है कि जिन कमरों में मरम्मत कार्य किया जाना है, वहां निवासरत विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय अतिथि गृह अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों पर वैकल्पिक आवास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं दैनिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
घटना के पश्चात कुलपति ने विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ सत्यम छात्रावास का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशानुसार सभी छात्रावास अधीक्षक नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा भवनों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं विद्यार्थियों की आवश्यक सुविधाओं की सतत निगरानी की जा रही है। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी छात्रावासों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सत्यम छात्रावास विश्वविद्यालय के सर्वाधिक पुराने छात्रावासों में से एक है, जिसका निर्माण वर्ष 1960 के दशक में किया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन समय-समय पर भवनों के रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य कराता रहा है तथा वर्तमान घटना के उपरांत सभी छात्रावासों की संरचनात्मक सुरक्षा का पुनः व्यापक परीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस संबंध में आवश्यक सभी कदम तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निरंतर उठाए जा रहे हैं।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


