बेमेतरा . असल बात news. जनपद पंचायत बेरला के समस्त जनपद सदस्यों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू से उनके निवास कार्यालय पर आज सौजन्य मुलाकात...
बेमेतरा .
असल बात news.
जनपद पंचायत बेरला के समस्त जनपद सदस्यों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू से उनके निवास कार्यालय पर आज सौजन्य मुलाकात की है तथा उन्हें,जनपद क्षेत्र में उत्पन्न हो रही विभिन्न प्रशासनिक एवं विकास संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।इस दौरान जनपद पंचायत में वर्तमान में दो जनपद सीईओ की पदस्थापना से निर्मित कतिपय समन्वय की कमी की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने कई गंभीर मुद्दे उठाए।
विधायक से मुलाकात के दौरान जनपद सदस्यों ने बताया कि एक ही जनपद में दो CEO की नियुक्ति के कारण प्रशासनिक कार्यप्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो रही है। निर्माण कार्यों की गति धीमी पड़ गई है, विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति में अनावश्यक विलंब हो रहा है तथा बैठकों के आयोजन एवं निर्णय प्रक्रिया में भी लगातार असमंजस और तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
सदस्यों ने कहा कि दोनों जनपद सीईओ के बीच समुचित समन्वय स्थापित नहीं होने के कारण जनपद सदस्यों, सरपंचों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है बल्कि क्षेत्रीय विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस दोहरी व्यवस्था के चलते कार्यों में पारदर्शिता की कमी देखने को मिल रही है। हमारे सूत्रों से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि विशेष रूप से एक CEO के नाम का उल्लेख करते हुए उन पर लेनदेन (भ्रष्टाचार) करने के आरोप लगाए गए। सदस्यों ने बताया कि विभिन्न निर्माण कार्यों, स्वीकृति प्रक्रियाओं एवं फाइलों के निष्पादन में अनियमितता बरती जा रही है और बिना लेनदेन के कार्यों को आगे नहीं बढ़ाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुछ दिन पूर्व सरपंच संघ के सदस्यों द्वारा भी CEO दीप्ती मंडावी के विरुद्ध इसी प्रकार के लेनदेन के आरोप लगाए गए थे, जिससे यह मामला और अधिक गंभीर हो गया है। जनपद सदस्यों ने कहा कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो विकास कार्य पूरी तरह बाधित हो सकते हैं और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
सभी जनपद सदस्यों ने एक स्वर में इस स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन से मांग की कि तत्काल प्रभाव से स्पष्ट प्रशासनिक व्यवस्था लागू की जाए, एकल जिम्मेदारी तय की जाए तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में पारदर्शी और सुचारू कार्यप्रणाली स्थापित हो सके।
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने जनपद सदस्यों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले को उच्च स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी मुद्दे में लापरवाही या अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि लेनदेन या भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आई हैं, तो उनकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देने की बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार एवं प्रशासनिक पारदर्शिता को बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की बाधा को दूर किया जाएगा।
उपस्थित सदस्य:
इस दौरान जनपद सदस्य सरोज अनिल यादव, गौकरण साहू, नीरज राजपूत, प्रगति लालू साहू, रेखा पोषण सिन्हा, उषा खेलन साहू, संतोषी अश्वन निषाद, नूतन तखत निषाद, दिनेश्वरी लेखराम साहू, देवरबीजा ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष सेवा राम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


