उमरिया। असल बात न्यूज़।। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ टाइगर रिजर्व में एक बाघ ने हमलाकर वृद्ध को मौत के घाट उ...
उमरिया।
असल बात न्यूज़।।
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ टाइगर रिजर्व में एक बाघ ने हमलाकर वृद्ध को मौत के घाट उतार दिया है। सड़क से गुजर रहे वृद्ध पर झाड़ियों में छिपे बाघ ने हमला कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना पनपथा परिक्षेत्र के झाल की है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह सड़क से गुजर रहे वृद्ध नत्थूलाल निवासी ग्राम झाल के ऊपर झाड़ियों में छिपे बाघ ने हमला कर दिया। हमलावर बाघ नत्थूलाल को खींचकर अंदर जंगल की ओर ले गया। नत्थूलाल की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाघ के हमले से उनकी मौत हो चुकी थी।
हमला करने के बाद बाघ जंगल की ओर लौट गया। घटना की जानकारी के बाद इलाके में बाघ की दहशत फैल गई है। इसे लेकर ग्रामीणों में जमकर आक्रोश व्याप्त था। वहीं पार्क के अधिकारी और पुलिस मौके पर पंहुची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जारी है।