मतदान और धान खरीदी केंद्र पहुंचे संभागायुक्त, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण कोलिहापुरी में मतदान केंद्र, दुर्ग एवं राजनांदगांव के अनेक धान...
मतदान और धान खरीदी केंद्र पहुंचे संभागायुक्त, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कोलिहापुरी में मतदान केंद्र, दुर्ग एवं राजनांदगांव के अनेक धान खरीदी केंद्रों तथा मतदान केंद्रों का किया अवलोकन
दुर्ग ।असल बात न्यूज़।
संभागायुक्त श्री टीसी महावर द्वारा सतत रूप से मतदान केंद्रों तथा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। श्री महावर ने इसी कड़ी में आज दुर्ग तथा राजनांदगांव जिले के मतदान एवं धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में धान की गुणवत्ता और तौल का भी अवलोकन किया। यहाँ उठाव की जानकारी उन्होंने समिति प्रबंधकों से ली। बारदानों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में धानकी आवक तेजी से बढ़ेगी। समिति प्रबंधकों को इसे देखते हुए प्लानिंग करने कहा। उन्होंने कहा कि समिति प्रबंधक यह देख लें कि छोटे तथा सीमांत किसानों को किसी तरह की तकलीफ न हो।
उन्होंने कहा कि रकबे में त्रुटि यदि पाई गई है तो किसानों को इसे संशोधित करने के लिए त्वरित आवेदन देने के लिए कहें। संभागायुक्त ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं किसानों की सुविधाओं को बढ़ावा देना है। धान खरीदी में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए तथा किसानों की अन्य समस्याओं के लिए हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था की गई है। नोडल अधिकारी इस बात की मानिटरिंग करें कि इसमें आने वाली समस्याओं का प्रभावी निराकरण किया जा सके। संभागायुक्त ने मतदान केंद्रों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कोलिहापुरी, तुमड़ीबोड, चिरचारी और अछोली जैसे मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा नाम जोड़ने, काटने एवं संशोधन के बारे में जो निर्देश दिये गए हैं। उनका पालन करें। उन्होंने इसके लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। इस संबंध में किसी भी तरह से लापरवाही नहीं होनी चाहिए।