बिलासपुर. देर से ही सही पर प्री मानसून की बारिश मंगलवार से शुरू हो गई है। बुधवार को भी शहर में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला। सूर्य की तपिश कम लगने लगी। सूर्यास्त के बाद जमकर बादल गरजे। फिर रिमझिम बारिश होती रही। ठंडी हवाएं चलने से भी लोगों ने राहत महसूस की। अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
भीषण गर्मी के बीच बुधवार को हल्की राहत मिली। शाम को मौसम सुहाना हो गया। आसमान में चारों तरफ काले घने बादलों का डेरा था। तेज गर्जना के साथ रिमझिम बारिश हुई। इसके कारण वातावरण में ठंडक महसूस होने लगी। तीन महीने से पड़ रही प्रचंड गर्मी से आखिरकर अब जाकर राहत मिली है। मंगलवार शाम को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ था। मौसम विभाग की मानें तो यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। प्री मानसून में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि जिस तरह से जून में गर्मी पड़ रही थी, लोग बेहद परेशान थे। लू (ग्रीष्म लहर) ने समस्या को और बढ़ा दिया था। उस पर अब रोक लग गई है।
मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से असम तक स्थित है। एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण बिहार से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक स्थित है। इसके कारण छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव हुआ है। वर्षा का सिलसिला अभी आने वाले दिनों में बने रहने की संभावना है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 16 जून, गुरुवार: आसमसान में बादल नजर आएंगे। तापमान में गिरावट की संभावना है। बादलों की गर्जना तेज रहेगी। हल्की बारिश हो सकती है।
- 17 जून, शुक्रवार: बिलासपुर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
- 18 जून, शनिवार: गर्मी से राहत मिलेगी। उमस का अहसास जारी रहेगा। दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट आएगी। हल्की बारिश हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर --- 40 --- 26.4
पेंड्रारोड --- 40 --- 19.5
अंबिकापुर --- 33.5 --- 23
माना --- 39.2 --- 29.5
जगदलपुर --- 34.3 --- 27.2
शहर के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव
दिन --- तापमान
15 जून --- 40
14 जून --- 42.4
13 जून --- 43.4
12 जून --- 39.8
11 जून --- 43