दुर्ग . असल बात news. दीपावली के पावन पर्व को सेवा, सहयोग और खुशियों के साथ मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एनएसएस बी.आई.टी दुर्ग द्वार...
दुर्ग .
असल बात news.
दीपावली के पावन पर्व को सेवा, सहयोग और खुशियों के साथ मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एनएसएस बी.आई.टी दुर्ग द्वारा स्नेह संपदा संस्था के बच्चों के साथ विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के साथ-साथ उनके भविष्य के लिए सहयोग जुटाना था। आयोजन के तहत 28 अक्टूबर को स्वयंसेवकों ने स्नेह संपदा विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ दीयों को रंगों एवं आकर्षक कलाकृतियों से सजाया। वहीं, 29 अक्टूबर को बी.आई.टी दुर्ग परिसर में दीयों की सजावट एवं अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पूरे आयोजन में स्वयंसेवकों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इस दौरान कुल 1100 दीयों को आकर्षक रूप दिया गया, जिन्हें 2 नवंबर को बीआईटी दुर्ग परिसर में विशेष स्टॉल के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया। इस पहल में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संस्थान के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। दीयों की बिक्री से प्राप्त ₹ 51,000 की संपूर्ण राशि स्नेह संपदा संस्था के बच्चों के कल्याण एवं उनके बेहतर भविष्य के लिए दान की गई। इस प्रकार दीपोत्सव केवल एक पर्व का आयोजन न रहकर सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने का माध्यम बना।
इस पूरे आयोजन का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शबाना नाज़ सिद्दीकी एवं डॉ. कौलेश्वर प्रसाद के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट प्रबंधन की सराहना करते हुए संस्थान के प्राचार्य डॉ. अनूप मिश्रा ने दोनों कार्यक्रम अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।एन.एस.एस बी.आई.टी दुर्ग की यह पहल समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने, जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरने और सेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रही।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


