कोण्डागांव, असल बात News 01 अक्टूबर 2026 पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा, के मार्गदर्शन में आज जिला कोण्डागांव के समस्त पैरालीगल व...
कोण्डागांव,
असल बात News
01 अक्टूबर 2026
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा, के मार्गदर्शन में आज जिला कोण्डागांव के समस्त पैरालीगल वॉलिंटियर्स के लिए एक दिवसीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पैरालीगल वॉलिंटियर्स को साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों, उनसे बचाव के उपायों तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव सुश्री गायत्री साय उपस्थित रहीं। वहीं साइबर जागरूकता विशेषज्ञ एवं थाना प्रभारी श्री सौरभ उपाध्याय द्वारा पैरालीगल वॉलिंटियर्स को साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण के दौरान साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों, फर्जी कॉल एवं मैसेज, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, फर्जी लिंक, ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान से संबंधित धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध तथा व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ द्वारा बताया गया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने और समय पर उचित कार्रवाई करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पैरालीगल वॉलिंटियर्स को यह भी समझाया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य आमजनों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उचित सहायता एवं शिकायत प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम के माध्यम से पैरालीगल वॉलिंटियर्स को कानूनी जागरूकता के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित किया गया।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


