कोण्डागांव, असल बात News 27 अक्टूबर 2026 कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक सम...
कोण्डागांव,
असल बात News
27 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी, राज्योत्सव की तैयारियों एवं शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित चक्रवात अर्नब को देखते हुए जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियां दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा।
कलेक्टर ने चक्रवात अर्नब के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सभी स्वास्थ्य केंद्रों और एंबुलेंस को अलर्ट मोड में रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल स्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चक्रवात के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने के साथ ही मैदानी अमले एवं संचार तंत्र को सक्रिय और सजग रखने पर जोर दिया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में नाका एवं चेकपोस्ट की निगरानी के लिए पुलिस, राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि धान के अवैध परिवहन एवं अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
बैठक में धान खरीदी कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने सहित खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में और संतुष्टिपूर्ण तरीके से किया जाए। प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही अथवा गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली सूर्यघर योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना में प्रगति लाने तथा बस्तर ओलंपिक के लिए अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

"
"
" alt="" />
" alt="" />


