दुर्ग . असल बात news. हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में विश्वविद्यालय स्तरीय एक दिवसीय प्रश...
दुर्ग .
असल बात news.
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में विश्वविद्यालय स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), दुर्ग में किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार पांडेय, राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी, साइंस कॉलेज दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह तथा विश्वविद्यालय की एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वाई. ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण के साथ हुआ, जिसे एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वाई. ध्रुव ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात डॉ. नीता बाजपेयी, डॉ. अनिल कुमार पांडेय एवं डॉ. अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, सामाजिक सहभागिता, स्वयंसेवकों की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने एनएसएस की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने और विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री संजय कुमार शुक्ला, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन करते हुए विभिन्न सत्रों को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाया।
इस विश्वविद्यालय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, दलनायक, दलनायिकाएँ तथा जिला संगठक उपस्थित रहे। कार्यशाला में एनएसएस गतिविधियों के बेहतर क्रियान्वयन, स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी और सामाजिक सेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. लीना साहू, जिला समन्वयक, जिला बालोद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, आयोजकों, कार्यक्रम अधिकारियों, दलनायकों, दलनायिकाओं एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कार्यशाला राष्ट्रीय सेवा योजना की भावना “मैं नहीं, बल्कि आप” को साकार करने तथा युवाओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


