कोण्डागांव, असल बात News 13 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल एवं सम्मान सुनि...
कोण्डागांव,
असल बात News
13 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में सियान जतन एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 50 वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही, जनप्रतिनिधियों द्वारा तिलक लगाकर एवं शॉल भेंटकर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष श्री तोमेंद्र सिंह ठाकुर, बम्हनी सरपंच श्रीमती कविता पोयाम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान मितानिन प्रशिक्षक केशर ठाकुर एवं मितानिन टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वरिष्ठ नागरिकों का अभिनंदन किया।
50 वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराना था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी के अंतर्गत आने वाली 12 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. आयुष जायसवाल ने वरिष्ठ नागरिकों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन एवं आंखों की जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया।
बुजुर्ग परिवार और समाज के वटवृक्ष के समान : डॉ. चतुर्वेदी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने कार्यक्रम के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बुजुर्ग परिवार के वटवृक्ष के समान होते हैं। उनके अनुभव, आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार एवं समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और उम्र के साथ होने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि योग, हल्का व्यायाम, बागवानी तथा सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सहभागिता से वरिष्ठ नागरिकों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में सहायता मिलती है। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बुजुर्गों की जरूरतों का ध्यान रखने तथा उन्हें स्नेह, समय और सम्मान देने की अपील की।
तिलक लगाकर एवं शॉल भेंटकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक हीरासिंह ठाकुर, सोहन सिंह ठाकुर एवं सोन साय ध्रुव ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बनाया। उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। जनप्रतिनिधियों ने भी वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल एवं सम्मान को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में विभाग को सहयोग देने की बात कही।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, आंखों की रोशनी में कमी तथा जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इनकी समय पर पहचान और उपचार के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच आवश्यक है।
कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी श्री कृष्ण कुमार पटेल एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक श्री संजय नायडू ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित तिथियों में विभागीय सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक भावना महलवार, झम्मन लाल वर्मा, विनय जोनाथन, कॉन्तेश देवांगन, शीला यादव, बीईटीओ सुनीता सरकार, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सोरी, मितानिन प्रशिक्षक केशर ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं मितानिन उपस्थित रहे।
.jpg)
.jpg)

"
"
" alt="" />
" alt="" />


