भिलाई, दुर्ग. असल बात news. हाईटेक अस्पताल में करीब 32 लाख रुपये के गबन के मामले में थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी कैशियर क...
भिलाई, दुर्ग.
असल बात news.
हाईटेक अस्पताल में करीब 32 लाख रुपये के गबन के मामले में थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी कैशियर को गिरफ्तार किया है तथा गबन की राशि से खरीदा गया मोबाइल फोन जप्त किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ई-मेल के माध्यम से बैंक में राशि जमा करने के संबंध में,फर्जी जानकारी देकर संस्थान के अधिकारियों को लगातार गुमराह करता रहा था जिससे इतनी बड़ी राशि का ग़बन होने के बावजूद शक देर से हुआ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईटेक अस्पताल, भिलाई के संचालक मनोज अग्रवाल द्वारा चौकी स्मृति नगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बताया गया कि अस्पताल में पिछले लगभग 06 वर्षों से कैशियर के पद पर कार्यरत जसविंदर सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी 122/डी रुआबांधा सेक्टर, भिलाई, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग द्वारा अस्पताल की राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखी जा रही थी।
शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन एवं अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने कैशियर के पद का दुरुपयोग करते हुए संस्थान की लगभग 32 लाख रुपये की राशि का गबन किया है। इस पर थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में अपराध क्रमांक 1301/2026, धारा 316(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर गबन की राशि के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। आरोपी द्वारा राशि बैंक में जमा करने के संबंध में ई-मेल के माध्यम से गलत जानकारी देकर वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास किया गया था।
पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जसविंदर सिंह को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा गबन की राशि से खरीदा गया Samsung कंपनी का मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत लगभग ₹1,50,000/-, विधिवत जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड की कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
उक्त प्रकरण में चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा शिकायत की गंभीरता को देखते हुए दस्तावेजों एवं वित्तीय लेन-देन की जांच, साक्ष्य संकलन तथा आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में भूमिका निभाई गई।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


