दुर्ग . असल बात news. राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय पुरस्कार 2025–26 में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से संबद्ध राष्ट्रीय से...
दुर्ग .
असल बात news.
राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय पुरस्कार 2025–26 में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार ने उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। इस अवसर पर एक श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय स्तर पर दो श्रेष्ठ स्वयंसेवक तथा विद्यालय स्तर पर एक श्रेष्ठ स्वयंसेवक को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्री सुरेश कुमार ठाकुर को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत निरंतर एवं प्रभावी कार्यों के लिए राज्य स्तरीय श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी पुरस्कार 2025–26 प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर, विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान, सामाजिक सेवा, मतदाता जागरूकता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।
इसी क्रम में महाविद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ स्वयंसेवक के रूप में श्री रुस्तम नुरेटी, शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव तथा श्री रुद्रप्रताप साहू, माता कर्मा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, गुंडरदेही को सम्मानित किया गया। दोनों स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों में उल्लेखनीय सहभागिता कर उत्कृष्ट योगदान दिया।
वहीं विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ स्वयंसेवक के रूप में श्री मिलेंद्र कुमार ईश्वा, ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरूर को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य/नेत्र/टीकाकरण शिविर, स्वास्थ्यगत जनजागरूकता एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलपति प्रो. संजय तिवारी ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. यशेश्वरी ध्रुव ने भी श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं श्रेष्ठ स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य स्वयंसेवकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर जिला समन्वयक डॉ. लीना साहू, डॉ. मोनिका दास एवं डॉ. मुस्तफा अंसारी सहित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भी सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन प्रेषित किया।
राज्य स्तरीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा योजना के सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है। यह उपलब्धि युवाओं को “स्वयं से पहले आप” की भावना के साथ समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


