Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

Automatic Slideshow


कोंडागांव, असल बात News  10 अगस्त 2026 पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध प्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने फरसगांव पुलिस ने शन...

Also Read





कोंडागांव,

असल बात News

 10 अगस्त 2026

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध प्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने फरसगांव पुलिस ने शनिवार को सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 21 टीमें मैदान में उतारी गईं। एसडीओपी अभिनव उपाध्याय एवं डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने फरसगांव नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों सहित जुगानी कलार, जुगानी कैंप, पश्चिम बोरगांव, पूर्वी बोरगांव और सिगारपुरी क्षेत्र में घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान 1200 से अधिक घरों और 160 से अधिक प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग की गई।


अभियान के दौरान पुलिस ने 173 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ और तस्दीक के लिए थाना फरसगांव लाया, जहां उनके पहचान पत्र एवं आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा संबंधित थानों से एसएस रोल और एनओसी के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि थाना क्षेत्र में कोई अवैध प्रवासी या संदिग्ध व्यक्ति तो निवास नहीं कर रहा है।


पुलिस ने बाहर से आकर क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुसाफिर रजिस्टर में एंट्री कराई। वहीं मकान मालिकों को समाधान ऐप डाउनलोड कराकर किरायेदारों एवं अन्य लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान मटन दुकान, नाई दुकान, कबाड़ी दुकान सहित ऐसे विभिन्न प्रतिष्ठानों को भी चिन्हांकित किया, जहां बाहरी अथवा असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी काम कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक संदिग्धों की तस्दीक के बाद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता नहीं पाए जाने पर उन्हें आवश्यक हिदायत देकर छोड़ा गया है।


पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य संदिग्ध एवं अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करना, अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना है। फरसगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


पुलिस ने आम लोगों से की अपील-


फरसगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी, संदिग्ध फेरीवाला या अपरिचित व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल थाना फरसगांव पुलिस को दें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी सूचना दी जा सकती है। फरसगांव पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।