दुर्ग . असल बात news. 14 अगस्त 2026. भिलाई इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दुर्ग (बी.आई.टी. दुर्ग) में संभाग स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता...
दुर्ग .
असल बात news.
14 अगस्त 2026.
भिलाई इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दुर्ग (बी.आई.टी. दुर्ग) में संभाग स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता एवं संभाग स्तरीय नोडल अधिकारी बैठक का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन में, छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति (सी.जी.एस.ए.सी.एस.) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.), बी.आई.टी. दुर्ग के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अधिकारियों के रूप में डॉ. नीता बाजपेयी (राज्य नोडल अधिकारी, छत्तीसगढ़), श्रीमती नीतू मंडावी (सहायक संचालक, सी.जी.एस.ए.सी.एस.), श्री अरविंद मिश्रा (जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग), डॉ. अनुप मिश्रा (प्राचार्य, बीआईटी दुर्ग), डॉ. डी.एस. रघुवंशी (एनएसएस समन्वयक, सी.एस.वी.टी.यू.) एवं सुश्री भाग्यश्री वर्मा (संयुक्त संचालक, आई.ई.सी., सी.जी.एस.ए.सी.एस.) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता, एच.आई.वी./एड्स के प्रति संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर अपना विचार साझा किया।
संभाग स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में 37 से अधिक विद्यालयों के 74 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। क्विज में एच.आई.वी./एड्स, किशोर एवं प्रजनन स्वास्थ्य, स्वास्थ्य संबंधी सामान्य ज्ञान, महत्वपूर्ण दिवस तथा अन्य जागरूकता आधारित विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनुष्का गुप्ता एवं चार्वी साहू, श्री शंकराचार्य विद्यालय, हुडको को ₹3,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सबरीन खातून एवं नताशा गुप्ता, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को ₹2,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सौम्या देशमुख एवं प्रेम पाण्डेय, कृष्णा पब्लिक स्कूल, सुंदर नगर को ₹1,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इसके पश्चात संभाग स्तरीय नोडल अधिकारी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें दुर्ग संभाग के विभिन्न रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में रेड रिबन क्लब की आगामी गतिविधियों, एच.आई.वी./एड्स जागरूकता, किशोर स्वास्थ्य, युवा सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
मुख्य अधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रेड रिबन क्लब केवल एच.आई.वी./एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को स्वास्थ्य, सामाजिक सरोकारों एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति संवेदनशील बनाने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता को समाज के व्यापक स्तर तक पहुँचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शबाना नाज़ सिद्दीकी (नोडल अधिकारी, रेड रिबन क्लब, बी.आई.टी. दुर्ग) एवं डॉ. कौलेश्वर प्रसाद (एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी, बी.आई.टी. दुर्ग) के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की सफलता में रेड रिबन क्लब एवं एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


