Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

Automatic Slideshow


PCC चीफ बैज का BJP पर हमला, CGPSC और पेपर लीक का मुद्दा उठाकर कहा– अब जवाब देना होगा

  रायपुर। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और प्रदेश के व...

Also Read

 रायपुर। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए 15 अगस्त के बाद प्रदेशभर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर सीजीपीएससी, पेपर लीक और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा।


15 अगस्त के बाद शुरू होगा प्रशिक्षण अभियान

दीपक बैज ने बताया कि 15 अगस्त के बाद प्रदेश के सभी संभागों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अगस्त महीने में सरगुजा और बस्तर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि सितंबर में शेष तीन संभागों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे।


उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा की गई। कनेक्ट सेंटर के माध्यम से संगठन की ऑनलाइन रिपोर्टिंग लगातार हो रही है और इस रिपोर्टिंग के आधार पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के काम की सराहना की गई है।

बैज के अनुसार, जिला अध्यक्षों की नियुक्ति से लेकर मंडल और पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार का काम बेहतर तरीके से हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण के मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है और बैठक में इसकी विशेष प्रशंसा भी हुई। साथ ही आने वाले समय में राजनीतिक लड़ाई किस रणनीति के साथ लड़ी जाएगी, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


पीसीसी की नई टीम पर बोले- 10 से 20 फीसदी नए लोगों को मिलेगा मौका

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पीसीसी की नई टीम और अपने कार्यकाल के विस्तार को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान की नजर बूथ, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर तक सभी पदाधिकारियों पर है तथा सभी की मैपिंग की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य वर्ष 2028 है और इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। बैज ने बताया कि नई पीसीसी टीम में 10 से 20 प्रतिशत नए लोगों को मौका दिया जाएगा, जबकि अधिकांश पुराने पदाधिकारी बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम वर्तमान सूची में हैं लेकिन वे समय नहीं दे पा रहे हैं, उनकी जगह नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जाएगी। हाईकमान ने भी इस दिशा में निर्देश दिए हैं और जल्द ही नियुक्तियां की जाएंगी।

सीजीपीएससी मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना

सीजीपीएससी मामले को लेकर भाजपा सांसद संतोष पांडे द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से माफी मांगने की बात पर दीपक बैज ने पलटवार किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पीएससी घोटाले का आरोप लगाकर चुनाव जीता, लेकिन अब एक ओर जांच जारी है और दूसरी ओर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी दी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घोटाला हुआ है तो फिर नियुक्तियां क्यों दी गईं। बैज ने कहा कि यदि सरकार को घोटाले पर भरोसा है तो नियुक्तियों को निरस्त करना चाहिए। उनके अनुसार, चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाए थे।




एंटी पेपर लीक कानून पर भी उठाए सवाल

एंटी पेपर लीक बिल को लेकर दीपक बैज ने कहा कि वर्ष 2024 में भी ऐसा कानून पारित किया गया था, लेकिन उसका कोई प्रभाव दिखाई नहीं दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि दो दर्जन से अधिक पेपर लीक मामलों से जुड़े अधिकारियों को क्लीन चिट दे दी गई। बैज ने कहा कि केवल कानून बना देना पर्याप्त नहीं है, असली सवाल यह है कि उसे प्रभावी ढंग से लागू कौन करेगा। उन्होंने पूछा कि क्या वास्तव में दोषियों पर कार्रवाई होगी या फिर उन्हें बचाया जाएगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में लोग मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से जान गंवा रहे हैं, जबकि मंत्री अपनी उपलब्धियां गिनाने में व्यस्त हैं। बैज ने आरोप लगाया कि जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में स्ट्रेचर से सीमेंट ढोया जा रहा है और बाजार में नकली गोलियां तथा नकली दवाइयां बिक रही हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्री को इन गंभीर मुद्दों की समीक्षा कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए, न कि केवल अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने पर।