छत्तीसगढ़ . असल बात news. पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय इंडियाटूरिज्म, मुंबई द्वारा आज रायपुर स्थित स्टेट इंस्टीट्य...
छत्तीसगढ़ .
असल बात news.
पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय इंडियाटूरिज्म, मुंबई द्वारा आज रायपुर स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, नवा रायपुर के सहयोग से ‘देखो अपना देश’ ब्रोशर निर्माण प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण समारोह एवं पर्यटन शिक्षा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित पश्चिम एवं मध्य क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री सुश्री मोना सेन रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में अभनपुर के विधायक श्री इंद्र कुमार साहू तथा पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक श्री मोहम्मद फारूक उपस्थित थे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की उप महाप्रबंधक सुश्री पूनम शर्मा तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) रायपुर के वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्री समीर मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य श्री विवेक आचार्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान ‘देखो अपना देश’ ब्रोशर निर्माण प्रतियोगिता के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विजेताओं को नकद पुरस्कार (चेक), पदक, किट तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राज्य भर से लगभग 300 छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ समारोह में शामिल हुए।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दुधली के विद्यार्थियों ने प्राप्त किया। इसी विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार भी अर्जित किया। राज्य स्तर पर द्वितीय पुरस्कार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर एसईसीएल तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर, कवर्धा के विद्यार्थियों को प्रदान किया गया। राज्य स्तर पर तृतीय पुरस्कार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कुरूद तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, धमतरी के विद्यार्थियों ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार क्षेत्र में उपलब्ध विविध और उभरते करियर अवसरों के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पर्यटन शिक्षा प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में होटल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया। विद्यार्थियों को आतिथ्य उद्योग में करियर संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिसके पश्चात प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
समारोह के उपरांत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, रायपुर के परिसर का भ्रमण कराया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन किया तथा रिसेप्शन संचालन, खाद्य एवं बेकरी उत्पाद निर्माण, फल एवं सब्जी नक्काशी, पुष्प सज्जा, टॉवेल आर्ट तथा मॉकटेल निर्माण जैसी व्यावहारिक गतिविधियों के प्रदर्शन देखे।
पर्यटन मंत्रालय की ‘देखो अपना देश’ पहल का उद्देश्य देश के विविध पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना है। रायपुर में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।


"
"
" alt="" />
" alt="" />


