कवर्धा,असल बात चार नगरीय निकायों में 47.18 करोड़ रूपए से हो रहे विभिन्न कार्य कवर्धा, उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के सत...
कवर्धा,असल बात
चार नगरीय निकायों में 47.18 करोड़ रूपए से हो रहे विभिन्न कार्य
कवर्धा, उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों से कवर्धा विधानसभा के नगरीय निकायों में जनसुविधाओं के विस्तार को एक नई गति प्रदान की है। नगरीय निकायों के अंतर्गत विभिन्न अधोसंरचनात्मक विकास को निरंतर आगे बढ़ाया है। नगर पालिका कवर्धा, नगर पंचायत बोड़ला, सहसपुर लोहारा और नगर पंचायत पिपरिया में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का कार्य लगातार हो रहा है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा के प्रयासों से कवर्धा विधानसभा के चारों नगरीय निकायों में कुल 322 विकास कार्यों के लिए 47 करोड़ 18 लाख 12 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों में भव्य चौक-चौराहों का निर्माण, पाथवे का विकास, सेन्ट्रल लाइब्रेरी, सीसी सड़कें, आरसीसी नालियाँ, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, मंच निर्माण, अटल परिसर, पार्किंग की व्यवस्था, खेल सामग्री उपलब्ध कराना, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवाल, समतलीकरण, पेयजल एवं विद्युत विस्तार जैसे अनेक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों ने न केवल नगरों की सूरत बदली है, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है।
नगर पालिका कवर्धा अंतर्गत 159 निर्माण कार्यों के लिए 33 करोड़ 40 लाख 65 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रमुख रूप से नए बस स्टैंड पहुंचने के लिए ठाकुर देव चौक से जुनवानी मार्ग तक सड़क निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही छात्रों के लिए सर्व सुविधायुक्त नालंदा परिसर, नागरिकों के आवागमन के लिए बीएसएनएल ऑफिस से पीजी कॉलेज होते हुए आदिवासी मंगल भवन तक पाथवे निर्माण, नगर पालिका के सामने और वन विभाग के सामने चौपाटी का निर्माण किया जा रहा है। कवर्धा शहर को आर्कषक बनाने के लिए अमर जवान चौक, हनुमंत वाटिका का निर्माण किया गया है। शिवाजी चौक का निर्माण कार्य किया जा रहा है। विगत दिनों बहुप्रतिक्षित राजनांदगांव बायपास (पिलारी नहर) से नवीन बाजार तक गौरव पथ निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन सभी कार्यों ने शहर की एक नई पहचान बनाई है। अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्यों को तेज गति से पूरा किया जा रहा है। कवर्धा शहर की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए श्री शर्मा द्वारा किए गए कार्य आगामी वर्षों के विकास के लिए आधार तैयार कर रहे हैं।
नगर पंचायत बोड़ला में 64 कार्यों के लिए 4 करोड़ 80 लाख 56 हजार रुपए, सहसपुर लोहारा में 56 कार्यों के लिए 4 करोड़ 51 लाख 62 हजार रुपए और पिपरिया में 43 कार्यों के लिए 4 करोड़ 45 लाख 29 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई। इन तीनों निकायों में सीसी सड़क, नाली निर्माण, बाउंड्रीवाल, पाथवे, सामुदायिक भवन, शौचालय, मंच निर्माण, अटल परिसर, विद्युत पोल विस्तार, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, यात्री प्रतिक्षालय और सौंदर्यीकरण जैसे सार्वजनिक हित के सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इससे ग्रामीण और शहरी सीमावर्ती नागरिकों को आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हो रही हैं।
शहरी आवासों का कार्य भी तेजी से जारी
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में भी कवर्धा विधानसभा ने उत्कृष्ट कार्य किया है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में 2063 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है तथा पीएम आवास 2.0 के तहत 415 नए आवासों की स्वीकृति मिली र्है। नगर पालिका कवर्धा में 1297 आवास पूर्ण कर लिए गए हैं और 335 नए आवास स्वीकृत हुए हैं। सहसपुर लोहारा में 215 आवास पूर्ण हुए हैं और 25 नए आवासों की स्वीकृति दी गई है। बोड़ला में 495 आवास पूर्ण कर 20 नए आवास स्वीकृत हुए हैं। पिपरिया में 56 आवास पूर्ण हुए और 35 नए आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन आवासों ने हजारों परिवारों को पक्के मकान का सपना पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का प्रतीक है।
असल बात,न्यूज


"
"
" alt="" />
" alt="" />


