दुर्ग। असल बात न्यूज़।। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे अनियमित जीवनदीप कर्मचारी संघ के सदस्यों को विभिन्न कर्मचारी संगठनों क...
दुर्ग।
असल बात न्यूज़।।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे अनियमित जीवनदीप कर्मचारी संघ के सदस्यों को विभिन्न कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। इन कर्मचारियों की हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारियों ने उनकी मांग पूरी नहीं होने पर आगे और कड़ा कदम उठाने का निर्णय लेने की चेतावनी दी है।
संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य में जीवनदीप समिति में लगभग 5000 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। उनकी शिकायत है कि उन्हें अत्यंत अल्प वेतन दिया जा रहा है और 8 से 12 घंटे तक कार्य लिया जाता है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समस्त कार्यालयों जैसे जिला चिकित्सालय सिविल अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनदीप समिति के कर्मचारियों को अत्यंत कम वेतन देकर श्रम अधिनियम का उल्लंघन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश जीवनदीप कर्मचारी कल्याण महासंघ की दुर्ग-भिलाई इकाई की अध्यक्ष सरस्वती चंद्राकर ने कहा कि हम लंबे समय से आंदोलनरत है लेकिन शासन राज्य द्वारा हमारी मांगों को अनसुना किया गया है। हमें कलेक्ट्रेट दर पर वेतन का भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शासन प्रशासन के द्वारा संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के आदेशों का भी उल्लंघन किया जा रहा है। संचालनालय के द्वारा 24 April 2022 को पत्र जारी कर वेतन विसंगति को दूर करने का निर्देश दिया गया है लेकिन बजट की अपर्याप्तता को वजह बताकर इस पर अमल नहीं किया जा रहा है ।
संगठन के द्वारा सर्वप्रथम जीवनदीप समिति के कर्मचारियों के नियमितीकरण, उन्हें कलेक्टर दर पर वेतन देने तथा सीधी भर्ती में इन कर्मचारियों को नौकरी देने में प्राथमिकता देने की मांग की है। दुर्ग जिले में जिला अस्पताल के सामने चल रहे इस प्रदर्शन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। हड़ताल का आज तीसरा दिन है और जीवनदीप कर्मचारी कल्याण महासंघ ने उनकी मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।



"
"
" alt="" />
" alt="" />


