दुर्ग।असल बात न्यूज़। केंद्र के कृषि सुधार कानून के विरोध तथा किसानों के समर्थन में दुर्ग जिले में भी विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ तमाम स...
दुर्ग।असल बात न्यूज़।
केंद्र के कृषि सुधार कानून के विरोध तथा किसानों के समर्थन में दुर्ग जिले में भी विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ तमाम संगठनों के लोग भारत बंद को सफल बनाने में दिन भर लगे रहे। कांग्रेस ने भी इस बंद को सफल बनाने का लोगों से आह्वान किया था जिसका व्यापक असर नजर आया। कांग्रेस के तमाम जागरूक पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता, दिनभर प्रमुख चौक- चौराहों, मार्केट में घूमते रहे तथा लोगों से बंद को सफल बनाने का आह्वान किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितेंद्र साहू तथा जनपद पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की एक टीम दिन भर शहर तथा ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करती रही तथा लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की जाती रही। जितेंद्र साहू ने व्यवसायियों तथा आम लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि सुधार कानून के बहाने, किसानों से उनकी जमीन छीन लेने की साजिश रची है। पूंजीपतियों तथा कारपोरेट घराने के लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। छोटे तथा मध्यम वर्ग के किसानों को सुधार कानून से चारों तरफ नुकसान होगा।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जब सत्ता से बाहर रहती है तो किसानों के हित की बात करती है और सत्ता में आ जाने पर किसानों को नुकसान पहुंचाने का काम करती है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान हजारों किसानों ने आत्महत्या कर लिया। किसानों पर गोलियां चलवाई गई। यह लोग किसानों को बोनस देने, कर्जा माफ करने की बात करते रहे लेकिन सत्ता में आने के बाद यह सब वादे भूल गए। नए कानून से आम उपभोक्ता, किसान प्रत्येक वर्ग परेशान है। देश में किसानों को गुलाम बनाने के लिए यह विधेयक लाया गया है।