प्रदेशभर से नेताओं और पार्टी के आम कार्यकर्ताओं का सहयोग मिलने, प्रदेश व्यापी समर्थन से पाटन में धरना प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा था।आ...
प्रदेशभर से नेताओं और पार्टी के आम कार्यकर्ताओं का सहयोग मिलने, प्रदेश व्यापी समर्थन से पाटन में धरना प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा था।आंदोलन की आंच प्रदेश भर में फैलती महसूस हो रही थी। दिग्गज नेताओं के आगमन की खबर फैलने के बाद तो यह अनुमान लगाया जाना स्वाभाविक था कि यह आंदोलन प्रदेश में और जोर पकड़ेगा। धरने में बैठने वाले लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने यहां अपने संबोधन में अत्यंत भावुक होकर मार्मिक शब्दों में जो बातें कहीं, उसके बाद सांसद विजय बघेल ने आमरण अनशन तोड़ दिया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि उनके लिए एक-एक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। उनका कोई कार्यकर्ता भूखा रहता है तो वह भी रात भर सो नहीं सो सकते हैं। प्रदेश सरकार के अत्याचार और अन्याय के खिलाफ, हमारा कोई कार्यकर्ता अपनी जान की बाजी लगा देगा तो हमें सबसे पहले उसकी चिंता है। हमारे किसी कार्यकर्ता को अपनी जान की बाजी लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, हम सब मिलकर लड़ेंगे। सांसद विजय बघेल ने भी अत्यंत भावुक शब्दों में छत्तीसगढ़ी में बोलते हुए कहा कि आज पाटन के नाम बदनाम होवत हे। वो मन, दुर्भावनावश आम जनता के खिलाफ काम करत हे। मक्कारी, धोखेबाजी के खिलाफ ये एक-एक कार्यकर्ता के मान सम्मान के लड़ाई हे।
पाटन, दुर्ग, रायपुर। असल बात न्यूज़।
पाटन के धरना स्थल पर भाजपा के दिग्गज नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। रेत, कोल माफिया के लोगों की गुंडागर्दी, गली-गली में अवैध दारू विक्री, कोरोना काल के संकट के समय में भी हर काम में स्वास्थ विभाग के लोगों की भारी कमीशन खोरी, अपराधियों को संरक्षण इत्यादि मुद्दे पर सरकार को हर किसी ने कटघरे में खड़ा किया तथा इन मुद्दों के साथ सरकार के अत्याचार, अन्याय और गुंडागर्दी के खिलाफ प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। आम जनता तथा कार्यकर्ताओं के हित की इन बातों का उपस्थित भीड़ ने जोरदार तरीके से तालियां बजा कर स्वागत किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं के समर्थन में जिंदाबाद के जोर-शोर से नारे लगाए। नेताओं ने यह विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार के अत्याचार, अन्याय के खिलाफ कार्यकर्ताओं की जंग पार्टी की लड़ाई है और पूरी पार्टी, इस लड़ाई में हर समय कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी। वक्ताओं के ऐसे ओजस्वी उद्बोधन से कार्यकर्ताओं का सीना और चौड़ा होता नजर आया है तथा उनका उत्साह दोगुना होता दिखा। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे अत्याचार, अन्याय होता रहा तो सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं की लड़ाई में पार्टी, छत्तीसगढ़ की पूरी जेल भर देगी। जेलों में जगह नहीं रहेगी। पूर्व वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि एक दारू दुकान में 10, हजार लोग दारू लेने पहुंचते हैं। इस समय हर जगह कोरोना की महामारी फैलने में खतरा है। भाजपा का कार्यकर्ता इसे समझते हुए दारू दुकान बंद कराने जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है, जेल भेज दिया जाता है। हम लोग सरकार की कोर्ट कचहरी, पुलिस से डरने वाले नहीं हैं।
सांसद विजय बघेल इस दौरान पूरी तरह से भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उस दिन, प्रदर्शन में वह भी गए थे। वे सांसद है इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। धारा नहीं लगाया गया। लेकिन उन्होंने अपने इन कार्यकर्ताओं के बदौलत ही प्रदेश में लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। हम कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। हम इनके मान सम्मान की रक्षा नहीं कर सकेंगे तो सांसद बनने का मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ यह आग पूरे छत्तीसगढ़ में फैलती आ रही है। इस आग को हम बुझने नहीं देंगे। इसे और सुलगाना है।
सांसद विजय बघेल ने धरना स्थल से अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के कार्यकाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि डॉ रमन सिंह जी के निर्देश आदेश का मैं हमेशा, सहर्ष पालन करता हूं। राज्यपाल जी से बात हुई है। उन्हें, विशेषाधिकार,रहता है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के राज्य में कहीं दुर्भावना नहीं थीं। किसी को भेदभाव पूर्वक प्रताड़ित नहीं किया गया। अभी सिर्फ आतंक फैलाने की राजनीति की जा रही है। जनता में अकुलाहट है।
अपने संबोधन के प्रारंभ में अत्यंत भावुक होते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि पाटन, मां दुर्गा मां चंडी मां काली की पवित्र भूमि है। मां हमेशा शक्ति प्रदान करती है। मां महामाया की इस पावन धरती में अविभाजित मध्यप्रदेश में भी दूसरे अन्य क्षेत्रों की तुलना में सबसे अधिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने पाटन की भूमि का हमेशा मान गौरव बढ़ाया है। हम सब अपने महान पुरखों के बताए रास्ते पर चल रहे हैं। उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है। हमें पाटन का गौरव बढ़ाने के लिए काम करना है। यहां राम राज्य की स्थापना के लिए ऐसा संघर्ष हमेशा चलता रहेगा। कार्यकर्ताओं के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली राजनीति, अन्याय, अत्याचार के खिलाफ संघर्ष हमेशा जारी रहेगा।
धरना स्थल पर इस दौरान प्रदेश भर से इतनी अधिक भीड़ जुटी थी कि दिग्गज नेताओं के उद्बोधनो का संदेश आगे चलकर पूरे प्रदेश में फैलने से इनकार नहीं किया जा सकता ।