प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह कारण, पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी

 रायपुर, महासमुंद। असल बात न्यूज।

महासमुंद जिले से बड़ी दुखद खबर आ रही है। एक ही परिवार के 6 लोगों के आत्महत्या कर लेने की दुखद खबर आ रही है। इन लोगों ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में मां और उसके 5 बच्चे शामिल है। घटना से पूरा प्रदेश हतप्रभ, स्तब्ध होकर रह गया है।इस घटना में फिर यह सोचने को मजबूर कर दिया है कि हम बड़ी तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ते जा रहे हैं तब हमारे सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं के लिए जगह क्यों शेष रह  गई है ?मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

उक्त हृदय विदारक घटना  महासमुंद जिले के ईमलीभांठा की है। जहां नहर पुलिया के पास  महिला और उनकी पांच बच्चियों ने रेलवे पटरी पर ट्रेन से  कटकर आत्महत्या कर ली । मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को इस पूरे घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

    मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला कलेक्टर ने घटना के संबंध में बताया है कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि मृतक परिवार का स्वयं का मकान ग्राम बेमचा, जिला महासमुंद में है। परिवार के मुखिया श्री केजउ राम साहू ग्राम मुढ़ेना में राईस मिल में हमाली का काम करते हैं। केजउ राम साहू के नाम पर पौने दो एकड़ जमीन है। बीपीएल परिवार है। 26 क्विंटल धान इनके द्वारा बेचा गया है। बीती रात पारिवारिक कलह होने की जानकारी प्रारंभिक रूप से प्राप्त हुई है। इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे जांच की जा रही है।